नेटवेब के फंड जुटाने के बावजूद करीब 2 फीसदी गिरे शेयर
नेटवेब टेक्नोलॉजीज के शेयर 2.17 फीसदी नीचे आ गए। यह तब हुआ जब कंपनी ने संस्थागत निवेशकों को नए शेयर बेचकर 1,200 करोड़ रुपये जुटाए।
जुलाई, 2023 में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्ट होने के बाद कंपनी ने पहली बार इतने बड़े पैमाने पर फंड जुटाया है। प्रति शेयर की कीमत 4,790 रुपये तय की गई थी।
अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने भी खरीदे शेयर
इस क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) में दुनियाभर की कई बड़ी कंपनियों और भारतीय म्यूचुअल फंड हाउस ने काफी दिलचस्पी दिखाई।
इनमें गोल्डमैन सैक्स एसेट मैनेजमेंट और नोमुरा एसेट मैनेजमेंट जैसी अंतरराष्ट्रीय कंपनियां शामिल थीं, वहीं भारत से HDFC म्यूचुअल फंड और ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड जैसे बड़े म्यूचुअल फंड्स ने भी हिस्सा लिया।
नेटवेब के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक संजय लोढ़ा ने इस कदम को 'मील का पत्थर' बताया। उन्होंने कहा कि इन पैसों से कंपनी भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नई टेक्नोलॉजी की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए खुद को और मजबूत कर पाएगी।
इन फंडों का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने, ऑर्डर बुक में अनुमानित बढ़ोतरी को संभालने और दूसरे सामान्य कॉर्पोरेट कामों में किया जाएगा।