AI के उपयोग से मिंत्रा में 40 फीसदी तेज हुए उत्पाद लॉन्च
जेनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बदौलत मिंत्रा अब नए फैशन उत्पाद बहुत तेजी से लॉन्च कर पा रहा है। पिछले एक साल में कंपनी ने उत्पाद लॉन्च होने में लगने वाले समय को 40 फीसदी तक घटा दिया है।
अब विक्रेताओं को मिंत्रा से जोड़ने में 2 दिन से भी कम समय लगता है, जबकि पहले इसमें 15 दिन तक लग जाते थे।
इसी तरह, प्रोडक्ट कैटलॉग तैयार करने में भी अब सिर्फ 4 घंटे लगते हैं, जबकि पहले पूरा एक दिन लग जाता था।
ऑटोमेशन में कर रही निवेश
AI सिर्फ काम ही तेज नहीं कर रहा, बल्कि मिंत्रा के हर विभाग में अपनी जगह बना रहा है। टेक्निकल स्पेसिफिकेशन्स लिखने, टेस्टिंग ऑटोमेट करने और नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग से डाटा विश्लेषण करने जैसे कामों में AI का भरपूर इस्तेमाल हो रहा है।
मुख्य उत्पाद अधिकारी लक्ष्मीनारायण स्वामीनाथन ने बताया कि जैसे-जैसे प्रोसेस तेज हुए, असली चुनौती प्लेटफॉर्म इंफ्रास्ट्रक्चर पर आ गई, इसलिए मिंत्रा अब ऑटोमेशन और प्रयोग टूल्स में ज्यादा निवेश कर रहा है।
लॉन्च किया AI साइज-एंड-फिट फीचर
मिंत्रा ने AI से चलने वाला एक 'साइज-एंड-फिट' फीचर भी पेश किया है, जिससे ग्राहकों को सही कपड़े चुनने में आसानी होती है।
यह फीचर उनके लगभग 85 फीसदी कपड़ों पर लागू होता है। स्वामीनाथन ने यह भी माना कि फैशन का विजुअल पहलू ChatGPT जैसे चैट-आधारित टूल्स के लिए थोड़ा मुश्किल हो सकता है, लेकिन उन्होंने कहा कि मिंत्रा नवाचार को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कोशिश कर रहा है।