ITR दाखिल करने में आई तेजी, 1.7 करोड़ का आंकड़ा पार
आयकर विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 के लिए अभी तक 1.7 करोड़ से भी ज्यादा लोगों ने अपना इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भर दिया है। ITR-1 और ITR-2 भरने की 31 जुलाई की आखिरी तारीख करीब आ रही है और इसी वजह से रिटर्न भरने की रफ्तार में तेजी देखी जा रही है।
पिछले शुक्रवार को तो एक ही दिन में 10 लाख से भी ज्यादा रिटर्न दाखिल किए गए। यह साफ है कि लोग अब जल्द से जल्द अपना ITR भरना चाहते हैं। ऐसे में अगर, आपने अभी तक अपना ITR दाखिल नहीं किया है तो यह काम फौरन कर लें।
किसे भरना होगा ITR-1 और ITR-2?
'सहज' के नाम से जाना जाने वाला ITR-1 उन लोगों के लिए है, जो भारत के निवासी हैं। इसमें वे लोग आते हैं, जिनका वेतन, मकान से होने वाली किराये की आय और खेती से होने वाली कमाई (5,000 रुपये से ज्यादा न हो) को मिलाकर कुल सालाना कमाई 50 लाख रुपये तक है।
दूसरी तरफ, आपको शेयर या प्रॉपर्टी बेचने से कैपिटल गेन (पूंजीगत लाभ) मिला है या आप किसी हिंदू अविभाजित परिवार (HUF) के सदस्य हैं और आपको कैपिटल गेन हुआ है, लेकिन आप किसी व्यापार या प्रोफेशन से इनकम नहीं कमाते तो आपको ITR-2 भरना होगा।