मूनशॉट AI कर रही IPO की तैयारी, मूल्यांकन करीब 2,800 अरब रुपये के पार
मूनशॉट AI एक तेजी से उभरता चीनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप है, जो अगले 6 महीनों में हांगकांग में अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की तैयारी कर रहा है।
कंपनी के हालिया फंडिंग राउंड के बाद इसकी अनुमानित कीमत 30 अरब डॉलर (करीब 2,800 अरब रुपये) से ज्यादा हो सकती है।
खास बात यह है कि इस युवा कंपनी की सालाना कमाई अप्रैल में 20 करोड़ डॉलर (करीब 1,900 करोड़ रुपये) से बढ़कर जून तक 30 करोड़ डॉलर तक पहुंच गई है। यह इतनी कम समय में बहुत शानदार तरक्की है।
एंथ्रोपिक के ओपस 4.8 को पछाड़ा
मूनशॉट AI की इस जबरदस्त रफ्तार के पीछे उसका नया ओपन-वेट AI मॉडल किमी K3 है। जुलाई में लॉन्च हुए इस मॉडल में 2,800 अरब पैरामीटर्स हैं।
हाल ही में इसने कई बड़े बेंचमार्क पर एंथ्रोपिक के ओपस 4.8 को पछाड़ दिया है। आर्टिफिशियल एनालिसिस की रिपोर्ट बताती है कि किसी भी चीनी ओपन-वेट AI मॉडल के लिए यह पहली बार है।
कंपनी के IPO की योजनाओं को लेकर CICC और गोल्डमैन सैक्स जैसे बड़े वित्तीय संस्थान मूनशॉट के साथ बातचीत कर रहे हैं।
इन सब के साथ, कंपनी अब डीपसीक और Z डॉट AI जैसे दुनियाभर के बड़े प्रतिद्वंद्वियों को सीधे टक्कर देने की तैयारी में है।