चीनी कंपनी मूनशॉट AI की 50 अरब डॉलर के मूल्यांकन पर IPO लाने की तैयारी
चीन के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर की दिग्गज कंपनी मूनशॉट AI अगले साल की शुरुआत में आने वाले अपने बड़े आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) की तैयारी कर रही है।
कंपनी हाल ही में हुए अपने फंडिंग राउंड के बाद करीब 50 अरब डॉलर (करीब 4,750 अरब रुपये) के मूल्यांकन पर पहुंच गई है। इस महीने कंपनी निवेशकों से मिल रही है, ताकि यह पता चल सके कि बाजार उसके इस बड़े कदम के लिए कितना तैयार है।
2 अरब डॉलर के सालाना राजस्व का अनुमान
इस कंपनी की नींव 2023 में सिंघुआ यूनिवर्सिटी के पूर्व प्रोफेसर यांग जीलिन ने रखी थी। वे पहले मेटा और अल्फाबेट की गूगल में काम कर चुके हैं।
कंपनी का सालाना राजस्व दिसंबर तक 2 अरब डॉलर (करीब 190 अरब रुपये) तक पहुंचने की उम्मीद है, जो अभी एक अरब (करीब 95 अरब रुपये) है। इसको अलीबाबा और टेनसेंट जैसी बड़ी टेक कंपनियों का समर्थन मिला हुआ है। IPO के जरिए कंपनी 5 अरब डॉलर (करीब 450 अरब रुपये) तक जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
हालांकि, चीनी अधिकारियों की डाटा सुरक्षा जांच एक संभावित रुकावट बन सकती है, फिर भी मूनशॉट AI आगे बढ़ रही है। उसे बड़े बैंकों का समर्थन मिल रहा है और हाल ही में उसके किमी K3 AI मॉडल को भी बड़ी कामयाबी मिली है।