मोबिक्विक को BSE से स्टॉक ब्रोकिंग कारोबार की मंजूरी, जानिए क्या मिलेंगी सुविधा
क्या है खबर?
फिनटेक कंपनी मोबिक्विक के स्वामित्व वाली सहायक कंपनी वन मोबिक्विक सिस्टम्स (MSBPL) को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) से स्टॉक ब्रोकिंग कारोबार शुरू करने की मंजूरी मिल गई है। BSE ने 24 फरवरी से MSBPL को अपने प्लेटफॉर्म पर एक्टिव कर दिया है। यह मंजूरी जुलाई, 2025 में भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) की ओर से दिए गए स्टॉक ब्रोकिंग लाइसेंस के बाद मिली है। इससे ग्राहकों को इक्विटी ट्रेडों की खरीद, बिक्री, लेनदेन, निकासी और भुगतान की सुविधा मिलेगी।
प्रतिक्रिया
मंजूरी मिलने पर कंपनी ने क्या कहा?
कंपनी की कार्यकारी निदेशक और मुख्य वित्तीय अधिकारी उपासना टाकू ने कहा, "BSE द्वारा अपने प्लेटफॉर्म पर स्टॉक ब्रोकिंग कारोबार शुरू करने की मंजूरी मिलना मोबीक्विक के एक बड़े वित्तीय सेवा प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित होने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।" बता दें कि वन मोबीक्विक सिस्टम्स सबसे बड़े डिजिटल वॉलेट प्लेटफॉर्म्स में से एक है, जो ग्राहकों और व्यापारियों दोनों को कई तरह की भुगतान और वित्तीय समाधान सुविधाएं प्रदान करता है।
प्रदर्शन
पिछली तिमाही में ऐसा रहा प्रदर्शन
मोबीक्विक के प्रदर्शन की बात करें तो पिछली तिमाही में उसने 4 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में हुए 55.2 करोड़ रुपये के शुद्ध घाटे से एक बड़ा बदलाव है। तिमाही राजस्व में पिछले वर्ष की तुलना में 7.4 फीसदी की वृद्धि हुई और यह 289 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो एक वर्ष पहले 269.4 करोड़ रुपये था। इसके अलावा परिचालन लागत के प्रदर्शन में भी सुधार हुआ है।