माइक्रोसॉफ्ट ने आयरलैंड-लक्जमबर्ग में कैसे बचाया टैक्स?
माइक्रोसॉफ्ट की नई यूरोपियन संघ (EU) कंप्लायंस रिपोर्ट से पता चला है कि कंपनी कम टैक्स वाले देशों के जरिए अपना बड़ा मुनाफा भेज रही है। पिछले वित्त वर्ष के लिए कंपनी का लगभग 40 फीसदी प्री-टैक्स मुनाफा आयरलैंड से आया है। हैरान करने वाली बात ये है कि आयरलैंड में इसके कुल कर्मचारियों में से सिर्फ 3 फीसदी लोग ही काम करते हैं, जबकि वहां कंपनी को 14 फीसदी से थोड़ा ज्यादा टैक्स देना पड़ता है।
दूसरी तरफ, लक्जमबर्ग में कंपनी ने 142 फीसदी का भारी मुनाफा मार्जिन दिखाया है। इस देश में माइक्रोसॉफ्ट ने सिर्फ 34 लोगों को नौकरी दे रखी है और वहां सिर्फ 3 फीसदी टैक्स भरती है।
IRS के करीब 2,700 अरब रुपये के दावे से लड़ रही
दूसरी तरफ, जर्मनी, फ्रांस और इटली जैसे ज्यादा टैक्स वाले देशों में माइक्रोसॉफ्ट ने बहुत कम मुनाफा बताया है। अक्सर, तो यह मुनाफा सिर्फ 5 फीसदी के आस-पास ही रहता है। इससे कंपनी के टैक्स भरने के तरीकों पर कई सवाल उठ रहे हैं।
यही नहीं, कंपनी अमेरिकी टैक्स एजेंसी IRS के 29 अरब डॉलर (करीब 2,700 अरब रुपये) के दावे से भी लड़ रही है। ये दावा मुनाफा इधर-उधर भेजने को लेकर है।
दुनियाभर में कंपनियों के टैक्स चोरी रोकने की कोशिशें हो रही हैं और EU ने पारदर्शिता के लिए नए नियम भी बनाए हैं। फिर भी, पिछले साल अमेरिकी कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय समझौतों की खामियों का फायदा उठाकर 40 अरब डॉलर (करीब 3,700 अरब रुपये) का टैक्स बचा लिया।