Loading...
माइक्रोसॉफ्ट 60,000 कर्मचारियों को देगी नौकरी छोड़ने का विकल्प, AI में निवेश बढ़ाने की तैयारी
माइक्रोसॉफ्ट 60,000 कर्मचारियों को देगी नौकरी छोड़ने का विकल्प

माइक्रोसॉफ्ट 60,000 कर्मचारियों को देगी नौकरी छोड़ने का विकल्प, AI में निवेश बढ़ाने की तैयारी

Oct 26, 2026
11:25 pm

क्या है खबर?

टेक दिग्गज कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने 60,000 कर्मचारियों को स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया है। यह कंपनी के कुल कर्मचारियों का करीब एक चौथाई हिस्सा है। कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में निवेश बढ़ाने के साथ अपने खर्च को कम करना चाहती है। इसी के तहत कर्मचारियों के लिए यह योजना लाई गई है। इसके जरिए कंपनी उन कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का मौका दे रही है, जो स्वेच्छा से ऐसा करना चाहते हैं।

असर

भारत समेत इन देशों के कर्मचारी होंगे पात्र

माइक्रोसॉफ्ट के प्रवक्ता के मुताबिक, अमेरिका, कनाडा, भारत और ब्रिटेन में चुनी हुई टीमों के कर्मचारी इस योजना का लाभ ले सकेंगे।

इसमें वाइस प्रेसिडेंट स्तर और उससे नीचे के पदों पर काम करने वाले कर्मचारी शामिल हैं।

हालांकि, डाटा सेंटर, बिक्री और मार्केटिंग से जुड़े कुछ कर्मचारियों को इस योजना से बाहर रखा गया है। यानी कंपनी के सभी कर्मचारी खुद नौकरी छोड़ने के इस प्रस्ताव के लिए पात्र नहीं होंगे।

विकल्प

इस साल दूसरी बार दिया गया विकल्प

माइक्रोसॉफ्ट ने इस साल दूसरी बार कर्मचारियों को स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया है।

इससे पहले अप्रैल में कंपनी ने अमेरिका में अपने कर्मचारियों को समय से पहले सेवानिवृत्ति लेने का विकल्प दिया था। रिपोर्ट के मुताबिक, उस समय पात्र कर्मचारियों में से करीब 30 प्रतिशत ने इस योजना को चुना था।

कंपनी की अधिकारी एमी कोलमैन ने कहा कि नई योजना कर्मचारियों को अपने भविष्य के बारे में फैसला लेने के अधिक विकल्प देती है।

ADVERTISEMENT

संख्या

कर्मचारियों की संख्या में आई कमी

नियामकीय दस्तावेजों के मुताबिक, जून के अंत तक माइक्रोसॉफ्ट में दुनियाभर में 2.23 लाख कर्मचारी काम कर रहे थे।

यह संख्या 2025 के अंत में दर्ज 2.28 लाख कर्मचारियों से कम है। कंपनी के करीब 27 प्रतिशत कर्मचारी नए प्रस्ताव के लिए पात्र बताए गए हैं। माइक्रोसॉफ्ट इस सप्ताह के अंत में अपनी तिमाही कमाई के आंकड़े भी जारी कर सकती है।

ऐसे में कंपनी के खर्च और कारोबार की स्थिति पर भी निवेशकों की नजर रहेगी।

ADVERTISEMENT