माइक्रोन के कर्मचारी ने ठुकराया कंपनी का बोनस प्रस्ताव
माइक्रोन इस समय अपने ताइवान के कर्मचारियों की नाराजगी झेल रही है। दरअसल, उन्होंने कंपनी के 68 महीने के वेतन के बराबर मिले बोनस के ऑफर को ठुकरा दिया है।
उनका कहना है कि यह बोनस अन्य टेक कंपनियों की तुलना में बहुत कम है। 2 श्रमिक यूनियन से जुड़े करीब 12,000 कर्मचारी अब एक बड़े एकमुश्त बोनस की मांग कर रहे हैं, जो 83 महीने के वेतन के बराबर हो। साथ ही, वे एक स्थायी योजना भी चाहते हैं, जिसके तहत कंपनी के ऑपरेटिंग प्रॉफिट का 15 फीसदी कर्मचारियों के बोनस के लिए तय किया जाए और यह भुगतान सालाना एक बार की बजाय हर तिमाही में हो।
सरकारी मदद से जारी बातचीत
माइक्रोन के आधे से ज्यादा चिप्स ताइवान में बनते हैं। ऐसे में इन कर्मचारियों को खुश रखना कंपनी के लिए बेहद अहमियत रखता है।
सितंबर से सरकारी मदद से बातचीत चल रही है, लेकिन अभी तक कोई समझौता नहीं हो पाया है। माइक्रोन का कहना है कि वह ताइवान में अपने निवेश को महत्व देता है और यह भी जानता है कि चिप उद्योग में आगे बने रहने के लिए संतुष्ट कर्मचारी ही सबसे जरूरी हैं।