इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन बढ़ाने के लिए माइक्रोमैक्स करेगी 1,015 करोड़ रुपये का निवेश
माइक्रोमैक्स की मैन्युफैक्चरिंग कंपनी भगवती प्रोडक्ट्स भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन बढ़ाने के लिए 1,015 करोड़ रुपये लगा रही है। सरकार की एक योजना के तहत उठाया जा रहा यह बड़ा कदम, स्थानीय मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के मकसद से है। भगवती प्रोडक्ट्स के सह संस्थापक राहुल शर्मा ने इस बारे में बताया, "भारत की मैन्युफैक्चरिंग यात्रा अब सिर्फ तैयार उत्पादों को जोड़ने तक सीमित नहीं है। डिस्प्ले मैन्युफैक्चरिंग और प्रिसिजन मोल्डिंग में हमारा यह 1,015 करोड़ का निवेश उन 2 अहम क्षेत्रों में किया जा रहा है, जहां भारत को घरेलू स्तर पर अपनी क्षमता बढ़ाने की सख्त जरूरत है। यह देश के बढ़ते इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में एक बहुत महत्वपूर्ण कदम है।"
हरियाणा के प्लांट में भी होगा खर्चा
कंपनी अपने हरियाणा के बावल स्थित प्लांट में मोबाइल डिस्प्ले बनाने के लिए 450 करोड़ रुपये लगाएगी। यहां आगे चलकर कार डिस्प्ले भी बनाए जाएंगे।
दूसरी तरफ, ग्रेटर नोएडा में स्थित अपनी फैसिलिटी में प्रिसिजन मोल्डिंग सर्विसेज के लिए 565 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इन सभी उत्पादों में इस साल से उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है।
इससे कंपनी में कुल कर्मचारियों की संख्या 10,000 से भी ज्यादा हो जाएगी, जो टेक मैन्युफैक्चरिंग में अवसर तलाश रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर है।