AI की मदद से मिशेल टर्नर ने खड़ा किया मानसिक स्वास्थ्य परामर्श प्लेटफाॅर्म
मिशेल टर्नर ने 'हियर नाउ हेल्थ' नाम से एक प्लेटफॉर्म तैयार किया है, जो बताता है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से छोटे कारोबार कैसे तेजी से आगे बढ़ सकते हैं।
जनवरी, 2025 से वर्जीनिया बीच स्थित उनका यह प्लेटफॉर्म 3 राज्यों में उन बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य परामर्श देगा, जो पालक घरों (फॉस्टर केयर) में पलते हैं।
मिशेल खुद पालक अभिभावक रह चुकी हैं और उन्होंने महसूस किया था कि इस सेवा में क्या-क्या कमियां हैं। इसी बात ने उन्हें यह काम शुरू करने के लिए प्रेरित किया।
मिशेल ने AI को बताया स्टार्टअप सलाहकार
मिशेल टर्नर ने अपने बिजनेस प्लान बनाने, निवेशकों को अपनी बात समझाने और नई रणनीतियां तैयार करने के लिए AI का खूब इस्तेमाल किया। इन्हीं सब कारणों से उन्हें फंडिंग भी मिली और उनकी 16 लोगों की टीम तैयार हो गई।
खास बात यह है कि यह सब तब हुआ, जब मिशेल पहली बार कोई कारोबार शुरू कर रही थीं और उनके पास MBA की डिग्री भी नहीं थी। वे AI को अपना 'स्टार्टअप सलाहकार' कहती हैं क्योंकि इसी से उन्हें चुनौतियों से निपटने और तरक्की करने में बड़ी सहायता मिली।
फेडरल रिजर्व की AI के असर पर नजर
AI का इस्तेमाल उद्योगों में तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में फेडरल रिजर्व नौकरियों और उत्पादकता पर इसके प्रभाव को बारीकी से देख रहा है।
एक तरफ AI नए स्टार्टअप शुरू करने को आसान बना रहा है और कार्यक्षमता भी बढ़ा रहा है, लेकिन दूसरी तरफ इससे नौकरियों के जाने की चिंता भी है। फेडरल रिजर्व यह समझना चाहता है कि क्या AI से मिलने वाले दीर्घकालिक लाभ, कर्मचारियों के लिए होने वाली शुरुआती चुनौतियों की भरपाई कर पाएंगे।