मेटा के खिलाफ बच्चों को लत लगाने के आरोप पर अगले सप्ताह शुरू होगी सुनवाई
फेसबुक और इंस्टाग्राम की मूल कंपनी मेटा अगले सप्ताह कैलिफोर्निया में एक बड़े फेडरल मुकदमे का सामना करने वाली है।
4 अमेरिकी राज्यों ने उस पर यह आरोप लगाया है कि उसने अपने ऐप्स को इस तरह बनाया है कि बच्चे उनकी लत के शिकार हो जाएं।
इन ऐप्स में अंतहीन स्क्रॉलिंग और लगातार आने वाले नोटिफिकेशंस जैसे फीचर्स शामिल हैं।
राज्यों ने कंपनी पर 1,400 अरब डॉलर (1.3 लाख अरब रुपये) तक का जुर्माना लगाने और नाबालिगों की सुरक्षा के लिए कड़े नियम बनाने की मांग की है।
कंपनी ने आरोपों को नकारा
मेटा का कहना है कि वह ऑनलाइन किशोरों को सुरक्षित रखने के लिए लगातार काम कर रही है और इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करती है।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और संस्थापक मार्क जुकरबर्ग भी इस मुकदमे में गवाही दे सकते हैं, जैसा उन्होंने हाल ही में एक दूसरे मामले में भी किया था।
इस ट्रायल का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर सिर्फ ऑडियो लाइवस्ट्रीम के तौर पर उपलब्ध होगा। यह मंगलवार (18 अगस्त) से शुरुआती बयानों के साथ शुरू होगा और अक्टूबर की शुरुआत तक इसके फैसले की उम्मीद है।
अगर, राज्यों को जीत मिलती है तो जुर्माने की रकम न्यायाधीश यवोन गोंजालेज रोजर्स तय करेंगी।