मेटा में बड़ा फेरबदल, 7,000 कर्मचारी AI प्रोजेक्ट्स में होंगे शामिल
क्या है खबर?
मेटा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर तेजी से फोकस बढ़ा रही है। इसी बीच कंपनी ने हजारों कर्मचारियों को नए AI प्रोजेक्ट्स में भेजने और बड़ी संख्या में नौकरियां खत्म करने का फैसला लिया है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मेटा करीब 7,000 कर्मचारियों को नए AI विभागों में ट्रांसफर करेगी। वहीं, कंपनी पहले ही 8,000 नौकरियां खत्म करने की घोषणा कर चुकी है। मेटा का कहना है कि यह बदलाव कंपनी को प्रोडक्टिव बनाने के लिए किया जा रहा है।
विभाग
नए AI विभागों में भेजे जाएंगे कर्मचारी
रिपोर्ट के अनुसार, मेटा के HR विभाग ने कर्मचारियों को जानकारी दी है कि उन्हें चार नए AI आधारित संगठनों में भेजा जाएगा। ये टीमें नए AI टूल्स, ऐप्स और तकनीक पर काम करेंगी। कंपनी का कहना है कि इन विभागों में कम मैनेजमेंट लेयर होंगी और काम तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। कर्मचारियों से कहा गया है कि वे 20 मई को घर से काम करें और कंपनी की तरफ से आने वाले ईमेल का इंतजार करें।
खर्च
AI पर सैकड़ों अरब रुपये खर्च करने की तैयारी
मेटा अब मेटावर्स की बजाय AI तकनीक पर बड़ा दांव लगा रही है। कंपनी बड़े डेटा सेंटर बनाने और AI एक्सपर्ट्स की नई टीम तैयार करने में जुटी हुई है। मेटा प्रमुख मार्क जुकरबर्ग खुद AI टीम के लिए लोगों का चयन कर रहे हैं। कंपनी इस साल 11,000 अरब रुपये से 13,000 अरब रुपये तक खर्च करने की योजना बना रही है। इसमें सबसे ज्यादा पैसा AI डेवलपमेंट, नए चैटबॉट्स और स्मार्ट AI एजेंट बनाने पर लगाया जाएगा।
असर
छंटनी का असर हजारों कर्मचारियों पर
2025 के आखिर तक मेटा में करीब 78,000 कर्मचारी थे। ऐसे में 8,000 नौकरियां खत्म होने से कंपनी के लगभग 10 प्रतिशत पद कम हो जाएंगे। खबर है कि आने वाले महीनों में और छंटनी भी हो सकती है। हालांकि, मेटा ने प्रभावित कर्मचारियों के लिए सेवरेंस पैकेज की भी घोषणा की है। कंपनी नौकरी गंवाने वाले कर्मचारियों को 16 हफ्तों की बेस सैलरी के साथ कंपनी में बिताए हर साल के बदले दो अतिरिक्त हफ्तों का भुगतान देगी।