AI के कारण 2035 तक 1.1 करोड़ अमेरिकी बदल सकते हैं अपना काम, मैकिंसे की रिपोर्ट
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के आने से नौकरियों के बाजार में काफी फेरबदल देखने को मिल सकता है। मैकिंसे की एक रिपोर्ट बताती है कि 2035 तक करीब 1.1 करोड़ अमेरिकी (कुल कामगारों का 7 फीसदी) अपनी मौजूदा नौकरियां छोड़कर किसी और क्षेत्र में जा सकते हैं।
इसका सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ेगा, जो ऑफिस, खुदरा व्यापार और लाजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में काम करते हैं। इनमें ग्राहक सेवा प्रतिनिधि और गोदाम कर्मचारी शामिल हैं।
फिर से ट्रेनिंग शुरू करने की मांग
जब इतनी बड़ी संख्या में लोगों को नौकरियां बदलनी पड़ेंगी तो उन्हें फिर से प्रशिक्षित करने की भी बहुत जरूरत होगी। खास तौर पर कम आय वाले कामगारों के लिए यह ज्यादा अहम होगा क्योंकि ऊंची कमाई वाले लोगों के मुकाबले उन पर इसका असर 8 गुना ज्यादा पड़ने का अनुमान है।
रिपोर्ट सरकार से आग्रह करती है कि वह श्रम-बाजार से जुड़ा और ज्यादा सटीक डाटा समय पर इकट्ठा करे। साथ ही, लोगों को नई परिस्थितियों के मुताबिक ढालने के लिए पुनः प्रशिक्षण कार्यक्रमों को आर्थिक मदद भी दे।
कंपनियां AI को कितनी तेजी से अपनाती हैं और अलग-अलग उद्योगों में कामगारों की मांग कैसे बदलती है, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि कुल कितनी नौकरियां बदलेंगी? यह संख्या 60 लाख से 1.6 करोड़ के बीच रह सकती है। यह ठीक वैसे ही बड़े बदलाव होंगे जैसे हमने महामारी के दौरान देखे थे।