3 भारतीय कॉलेज दोस्तों के बनाए गेमिंग स्टार्टअप ने जुटाए एक करोड़ डॉलर
3 कॉलेज दोस्तों द्वारा बनाए गए ब्रेन-गेमिंग ऐप मैटिक्स को हाल ही में एक करोड़ डॉलर (करीब 95 कराेड़ रुपये) की नई फंडिंग मिली है।
जनरल कैटालिस्ट और रॉनी स्क्रूवाला जैसे बड़े नामों का इसे समर्थन मिला है। इसके साथ ही इसकी कुल फंडिंग 1.35 करोड़ डॉलर (करीब 125 करोड़ रुपये) से ज्यादा हो गई है। 2024 में लॉन्च हुए एक स्टार्टअप के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
दैनिक यूजर्स की संख्या 3 लाख के पार
मैटिक्स एक ऐसा ऐप है, जो दिमागी कसरत को गणित, याददाश्त और तर्क जैसे विषयों पर आधारित मजेदार गेम्स में बदल देता है। आप इसे अपने दिमाग का जिम मान सकते हैं, जो कहीं ज्यादा मनोरंजक भी है।
सितंबर तक इस ऐप के दैनिक यूजर्स की संख्या 22,000 से बढ़कर 3 लाख के पार पहुंच गई है। हालांकि, इसके ज्यादातर यूजर्स भारत से हैं, लेकिन इसने अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान जैसे देशों के गेमर्स को भी अपनी तरफ खींचा है।
कंपनी अब आगे वैश्विक विस्तार पर ध्यान दे रही है, जिसमें स्थानीय जरूरतों के हिसाब से बदलाव किए जाएंगे और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित गेम क्रिएशन पर भी काम होगा।
मैटिक्स के सह संस्थापक सुधांशु भाटिया ने बताया कि कंपनी का लक्ष्य इस ऐप को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाना है।