मैरियट की भारत को दूसरा सबसे बड़ा बाजार बनाने की योजना, बनाएगी 200 नए होटल
मैरियट भारत में अपनी बड़ी योजना पर काम कर रही है। इसका लक्ष्य है कि आने वाले कुछ सालों में भारत उसका दुनिया में दूसरा सबसे बड़ा बाजार बन जाए, जो अमेरिका के ठीक बाद होगा।
अभी यह उसके लिए चौथे नंबर का बाजार है, लेकिन कंपनी अपनी मौजूदगी को लगभग दोगुना करने की तैयारी में है।
इस योजना के तहत वह अपने मौजूदा होटल्स के अलावा 200 से ज्यादा नए होटल और 30,000 से ज्यादा नए कमरे जोड़ने वाला है। इससे साफ पता चलता है कि मैरियट भारत को लेकर काफी गंभीर है।
यात्रा बाजार बढ़ने का भी असर
भारत में यात्रा का तेजी से बढ़ता रुझान भी मैरियट की इस बड़ी योजना की एक अहम वजह है। कंपनी के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एंथोनी कैपूएनो का कहना है कि बिजनेस के साथ-साथ घूमने-फिरने वाले पर्यटकों की संख्या में भी जबरदस्त इजाफा हुआ है।
कंपनी ने इस साल की पहली छमाही में भारत में 60 से ज्यादा समझौते किए हैं और अगले साल तक वह देश के 100वें शहर में भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा लेगी।
छोटे शहरों को लक्ष्य बनाते हुए मैरियट अपने सस्ते ब्रांड्स को भी वहां ला रही है, जिसमें उसका नई सिटी एक्सप्रेस ब्रांड शामिल है। इसके अलावा, भविष्य के नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए हैदराबाद में एक टेक एक्सेलेरेटर भी शुरू किया जा रहा है।