मार्क जुकरबर्ग बने 5वें दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति
मेटा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मार्क जुकरबर्ग अब दुनिया के 5वें सबसे अमीर इंसान बन गए हैं। उनकी कुल संपत्ति 237 अरब डॉलर (करीब 22,000 अरब रुपये) तक पहुंच गई है।
यह सब मेटा (फेसबुक) के शेयरों में आई भारी तेजी की वजह से हुआ है। दरअसल, 10 जुलाई को उनकी संपत्ति में सिर्फ एक दिन में 13 अरब डॉलर (करीब 1,200 अरब रुपये) से ज्यादा का इजाफा हुआ।
निवेशक कंपनी के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षेत्र में उठाए गए बड़े कदमों और भविष्य की कमाई योजनाओं को लेकर काफी उत्साहित दिख रहे हैं।
इन योजनाओं से आया शेयरों में उछाल
इस महीने मेटा के शेयर 540 डॉलर (करीब 51,000 रुपये) से उछलकर 669 डॉलर (करीब 63,000 रुपये) पर पहुंच गए। यह उछाल तब देखने को मिला, जब कंपनी ने संकेत दिया कि वह अपनी अतिरिक्त कंप्यूटिंग पावर दूसरों को किराए पर देकर अरबों डॉलर का मुनाफा कमा सकती है।
इसके साथ ही, म्यूज इमेज और म्यूज स्पार्क 1.1 जैसे नए AI टूल्स को लेकर भी बाजार में खूब चर्चा है। अगले महीने सितंबर में कंपनी अपने खुद के AI चिप्स भी लॉन्च करने की तैयारी में है।
बाजार विश्लेषकों का अनुमान है कि मेटा के राजस्व में जल्द ही 27 फीसदी तक की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।