7 करोड़ सदस्यों को मिलेगी UPI से तुरंत PF का पैसा निकालने की सुविधा
केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने बड़ी घोषणा की है, जो 7 करोड़ से ज्यादा कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) सदस्यों के लिए राहत भरी खबर है।
अब आप अपने भविष्य निधि (PF) के पैसे सीधे बैंक खाते में निकाल पाएंगे। इसके लिए यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) या किसी भी UPI वाले ATM का इस्तेमाल कर सकेंगे।
खास बात यह है कि अब आपको अपनी कंपनी से इजाजत लेने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इस पहल से PF का पैसा निकालना तेज हो जाएगा और कागजी कार्रवाई भी बहुत कम हो जाएगी।
उमंग ऐप से निकाल सकेंगे 5 लाख रुपये तक
अब उमंग ऐप के जरिए 5 लाख रुपये तक निकालना और भी आसान हो जाएगा। आपको लंबे फॉर्म भरने और कई दिनों तक इंतजार करने की जरूरत नहीं है। बस उमंग ऐप पर अपनी निकासी की सीमा देखिए, एक QR कोड बनाइए और सीधे 5 लाख रुपये तक ट्रांसफर कर दीजिए।
इसके अलावा, UPI वाले ATM से भी पैसा निकालने की सुविधा जल्द शुरू होगी। बता दें कि UPI पेमेंट गेटवे वाली इस सुविधा का ट्रायल पहले ही सफल हो चुका है। EPFO अब व्हाट्सऐप पर भी सहायता उपलब्ध कराने की योजना बना रहा है, जिससे आप अपने फोन से ही अपनी शंकाएं पूछ सकेंगे।