गूगल के AI राज चुराने वाले इंजीनियर को मिली सख्त सजा
गूगल के पूर्व सॉफ्टवेयर इंजीनियर लिनवेई डिंग को कंपनी के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी गोपनीय जानकारी चुराने के आरोप में करीब एक साल की जेल हुई है।
न्यायधीश ने उन्हें 1.89 लाख डॉलर (करीब 170 लाख रुपये) से ज्यादा का हर्जाना और 25,000 डॉलर (करीब 23 लाख रुपये) का जुर्माना भरने का भी आदेश दिया। साथ ही, जेल की सजा पूरी होने के बाद उन्हें 2 साल तक निगरानी में रहना होगा।
डिंग ने चुराए गूगल AI के 2,000 से ज्यादा पेज
डिंग ने मई, 2022 से मई, 2023 के बीच अपने वर्क अकाउंट से पर्सनल अकाउंट में 2,000 से ज्यादा संवेदनशील डाटा पेज ट्रांसफर किए थे।
इनमें गूगल के हार्डवेयर इंफ्रास्ट्रक्चर और बड़े AI मॉडल को ट्रेन करने वाले सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म (TPU और GPU सिस्टम) से जुड़ी जानकारियां शामिल थीं।
अभियोजकों का कहना है कि उन्होंने ये राज चीनी कंपनियों के साथ बांटे। यही नहीं उन्होंने चीन में अपनी खुद की AI कंपनी भी शुरू कर दी थी। न्यायधीश ने इस काम को गूगल की प्रॉपर्टी चुराने का एक सुनियोजित और बेशर्मी भरा प्रयास बताया।