SBI को पछाड़ LIC बनी देश की सबसे मुनाफे वाली सरकारी कंपनी
सरकारी स्वामित्व वाली भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने मार्च तिमाही में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए देश की सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली सरकारी कंपनी का खिताब अपने नाम कर लिया है।
निगम ने इस तिमाही में 23,420 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया, जो पिछले साल के 19,013 करोड़ रुपये के मुकाबले 23 प्रतिशत ज्यादा है।
LIC ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और HDFC बैंक को भी पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने इस अवधि में क्रमश: 19,684 करोड़ रुपये और 19,221 करोड़ रुपये का लाभ कमाया है।
शेयरों में 5 फीसदी की तेजी आई
LIC की संपत्ति (एसेट्स) में भी 5 प्रतिशत का उछाल आया है, जो बढ़कर 57.29 लाख करोड़ रुपये हो गई है। कंपनी की प्रीमियम इनकम में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
इस अवधि में समायोजित शुद्ध संपत्ति वित्त वर्ष 2025 में 1.2 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 1.69 लाख करोड़ रुपये हो गई।
इन शानदार नतीजों का असर बाजार में भी दिखा। 23 मई को परिणाम घोषित होने के बाद LIC के शेयर 5 प्रतिशत चढ़कर 839 रुपये पर बंद हुए।
अगर, पूरे साल के मुनाफे की बात करें तो SBI अभी भी LIC से आगे है। SBI ने पूरे साल में 80,032 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया, जबकि LIC का सालाना मुनाफा 57,419 करोड़ रुपये रहा।