भारत ने जून तिमाही में किया स्मार्टफोन का रिकॉर्ड निर्यात
भारत ने स्मार्टफोन निर्यात में एक नया रिकॉर्ड बनाया है। वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में देश ने 9.84 अरब डॉलर (करीब 900 अरब रुपये) के स्मार्टफोन का निर्यात किया, जो पिछले साल की तुलना में 23.4 फीसदी ज्यादा रहा।
इस बढत में ऐपल के आईफोन का बडा योगदान है। अब अमेरिका भारत में बने फोनों का सबसे बडा खरीदार बन गया है।
आईफोन का स्मार्टफोन निर्यात पर दबदबा
वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का कुल स्मार्टफोन निर्यात 29.4 अरब डॉलर (करीब 2,800 अरब रुपये) रहा, जिसमें अकेले आईफोन का योगदान करीब 22 अरब डॉलर (करीब 2,100 अरब रुपये) था, यानि कुल निर्यात का 75 फीसदी से ज्यादा।
ऐपल की मैन्युफैक्चरिंग पार्टनर फॉक्सकॉन के निर्यात में 48 फीसदी की भारी बढत हुई, वहीं सैमसंग ने भी मामूली बढत दर्ज की।
सरकार के उत्पादन-लिंक्ड प्रोत्साहन (PLI) और विदेशी निवेश के नियमों को आसान बनाने जैसे फैसलों ने भारत को इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात का एक बडा केंद्र बना दिया है। अप्रैल से जून के बीच भेजे गए कुल इलेक्ट्रॉनिक्स में स्मार्टफोन का हिस्सा करीब दो तिहाई रहा।