दिग्गज कंपनियों के बाजार मूल्यांकन में करीब 88,000 करोड़ रुपये की गिरावट
पिछला सप्ताह भारत की कुछ बड़ी कंपनियों के लिए बाजार में रौनक नहीं दिखा पाया। भारती एयरटेल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और हिंदुस्तान यूनिलीवर जैसी कंपनियों के बाजार मूल्यांकन में कुल 87,960 करोड़ रुपये की कमी आई। इनमें सबसे बड़ा झटका भारती एयरटेल को लगा, जिसके बाजार पूंजीकरण में 28,052 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई।
इन कंपनियों के अलावा, पूरे शेयर बाजार को ही झटका लगा। सेंसेक्स 0.60 प्रतिशत तक लुढ़क गया, जबकि निफ्टी में भी 0.46 प्रतिशत की गिरावट आई।
रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ करोड़ों रुपये का फायदा
एक तरफ जहांं बाजार में कई कंपनियों को नुकसान उठाना पड़ा, वहींं रिलायंस इंडस्ट्रीज ने 8,119 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया। इस बढ़ोतरी के साथ कंपनी ने बाजार में अपना पहला स्थान बरकरार रखा। अब उसका कुल बाजार मूल्यांकन 17.78 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के अलावा लार्सन एंड टुब्रो (L&T) और HDFC बैंक जैसी कुछ अन्य बड़ी कंपनियों को भी थोड़ा लाभ मिला।
रिलेगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (SVP) और शोध प्रमुख अजीत मिश्रा का कहना है कि पिछले सप्ताह निवेशकों ने काफी सतर्कता बरती। इसके पीछे वैश्विक कारक रहे, जैसे कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और बॉन्ड यील्ड का बढ़ना।