किआ आंध्र प्रदेश में लगाएगी नया कारखाना, 2 अरब डॉलर करेगी निवेश
क्या है खबर?
दक्षिण कोरिया की वाहन निर्माता कंपनी किआ भारत में अपना कारोबार और उत्पादन बढ़ाने की योजना बना रही है। कंपनी की भारतीय इकाई आंध्र प्रदेश में एक नया कारखाना लगाने के लिए करीब 2 अरब डॉलर (लगभग 190 अरब रुपये) का निवेश कर सकती है। किआ इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) ग्वांगू ली ने गुरुवार को विशाखापत्तनम में आयोजित उद्योग सम्मेलन के दौरान इस प्रस्तावित निवेश की घोषणा की। इससे राज्य में कंपनी की मौजूदगी बढ़ेगी।
रोजगार
नए कारखाने से 12,000 लोगों को मिलेगा रोजगार
प्रस्तावित परियोजना से करीब 12,000 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
नया कारखाना तैयार होने पर भारत में किआ की सालाना उत्पादन क्षमता 4.30 लाख से बढ़कर 6.30 लाख गाड़ियां हो सकती है। यानी उत्पादन में लगभग 47 फीसदी की बढ़ोतरी होगी।
इससे कंपनी को घरेलू बाजार की मांग पूरी करने के साथ दूसरे देशों में गाड़ियों की आपूर्ति बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है। स्थानीय कारोबार को भी फायदा मिलने की संभावना है।
निवेश
भारत में निवेश बढ़ा रहीं विदेशी वाहन कंपनियां
भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा वाहन बाजार है।
यहां गाड़ियों की बढ़ती मांग के कारण विदेशी कंपनियां अपना निवेश बढ़ा रही हैं। हुंडई मोटर ग्रुप ने अक्टूबर में 2032 तक भारत में 15.5 अरब डॉलर लगाने की योजना बताई थी।
जापान की सुजुकी मोटर ने भी 2025 में देश में करीब 8 अरब डॉलर निवेश करने की योजना पेश की थी। टोयोटा और होंडा भी यहां अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं।
उत्पादन
2019 से आंध्र प्रदेश में उत्पादन कर रही है किआ
किआ ने 2017 में आंध्र प्रदेश सरकार के साथ समझौता किया था और अगस्त, 2019 में अनंतपुर स्थित अपने कारखाने में गाड़ियों का उत्पादन शुरू किया था।
यहां सेल्टोस और सोनेट जैसे लोकप्रिय मॉडल बनाए जाते हैं। इनकी बिक्री भारत के अलावा दूसरे देशों में भी होती है।
हालांकि, नए कारखाने के निर्माण और उत्पादन शुरू करने की तारीख को लेकर कंपनी ने अभी कोई भी जानकारी नहीं दी है।