जुनिपर होटल्स की लग्जरी कमरों की संख्या दोगुनी करने का लक्ष्य
भारत में हयात ब्रांड के होटल्स के सबसे बड़े मालिक जुनिपर होटल्स ने अगले 4 सालों में अपने लग्जरी कमरों की संख्या 1,900 से बढ़ाकर 4,000 करने का लक्ष्य रखा है।
इस विस्तार के लिए कंपनी 5 नए प्रोजेक्ट्स में 1,930 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। इन प्रोजेक्ट्स में 4 नए होटल और एक कमर्शियल बिल्डिंग शामिल हैं।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) वरुण सराफ ने बताया कि इसी योजना के तहत बेंगलुरु में वेस्टिन होटल इस साल अक्टूबर में खुल जाएगा।
दिल्ली और गुवाहाटी में ग्रैंड हयात का प्लान
बेंगलुरु में चल रहे विस्तार के दूसरे चरण में 400 करोड़ रुपये खर्च कर 275 कमरे और सर्विस अपार्टमेंट्स जोड़े जाएंगे। कंपनी की योजना वित्तीय वर्ष 2031 तक दिल्ली और गुवाहाटी में भी ग्रैंड हयात होटल खोलने की है। दिल्ली के ग्रैंड हयात प्रोजेक्ट के लिए 850 करोड़ रुपये और गुवाहाटी के लिए 400 करोड़ रुपये का निवेश होगा।
इसके अलावा, वित्तीय वर्ष 2029 तक ग्रैंड हयात मुंबई के ठीक बगल में एक व्यावसायिक टावर भी बनाया जाएगा। जुनिपर होटल्स का कहना है कि ज्यादातर जमीनें उन्हें पहले से ही कम दाम में मिल चुकी थीं। वे हयात और मैरियट जैसे वैश्विक ब्रांड्स के साथ अपनी साझेदारी को आगे भी जारी रखेंगे।