AI से अमेरिका में 1.5 करोड़ नौकरियाें पर खतरा, गोल्डमैन सैक्स ने किया आगाह
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अमेरिकी नौकरी बाजार में बड़ा बदलाव ला सकता है। गोल्डमैन सैक्स के प्रमुख अर्थशास्त्री जोसेफ ब्रिग्स ने कहा है कि AI की वजह से करीब 1.5 करोड़ नौकरियां जा सकती हैं, जो अमेरिका के कुल कामगारों का लगभग 9 फीसदी हिस्सा है।
उन्होंने इस बदलाव की तुलना 1990 के दशक के आखिर और 2000 की शुरुआत में आए तकनीकी बदलावों से की है। टेक और ग्राफिक डिजाइन जैसे सेक्टर्स में AI की वजह से हर महीने कम लोगों की भर्ती हो रही है।
तकनीक ने 80 सालों में पैदा की 85 फीसदी नौकरियां
ब्रिग्स ने यह भी बताया कि बीते 80 सालों में तकनीक ने करीब 85 फीसदी नई नौकरियां भी पैदा की हैं। अमेरिकी नौकरी बाजार में हर साल बड़े पैमाने पर नौकरियां बदलती रहती हैं, ऐसे में नई भूमिकाओं में थोड़ी-सी बढ़त भी AI से प्रभावित होने वाले लोगों को सहारा दे सकती है।
MIT के शोधकर्ता नील थॉम्पसन ने भी कहा है कि AI का असर अचानक नहीं होगा, बल्कि यह धीरे-धीरे सामने आएगा।
उनका मानना है कि नियमों और ज्यादा लागत की वजह से इसकी रफ्तार धीमी रहेगी, जिससे कामगारों को नए हालात के हिसाब से खुद को ढालने का पूरा समय मिलेगा।