AI से अमेरिका में 5 महीने में पिछले 2 सालों की कुल छंटनी से ज्यादा हुई
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इस साल अमेरिकी नौकरी बाजार में बड़ी उथल-पुथल मचा रहा है। चैलेंजर, ग्रे एंड क्रिसमस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 के पहले 5 महीनों में AI की वजह से जितनी नौकरियां गईं, वह संख्या 2024 और 2025 में हुई कुल कटौती से भी ज्यादा है।
मई का महीना खासतौर पर मुश्किल भरा रहा, जब 97,000 से ज्यादा छंटनी हुईं। महामारी की शुरुआत के बाद किसी एक महीने में यह छंटनी का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
ऑटोमेशन की वजह से गईं 38,500 नौकरियां
मई में हुई कुल छंटनी में से करीब 40 फीसदी यानि लगभग 38,500 नौकरियां सीधे तौर पर ऑटोमेशन से जुड़ी थीं, जिसने इंसानी काम की जगह ले ली।
सबसे ज्यादा असर टेक जगत पर पड़ा है। पिछले महीने अमेरिकी टेक कंपनियों ने 38,000 से ज्यादा छंटनी की घोषणा की थी।
इस साल टेक सेक्टर में कुल छंटनी में 66 फीसदी की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, जानकारों का कहना है कि AI का असर फिलहाल कुछ खास सेक्टर तक ही सीमित है, लेकिन यह साफ है कि ऑटोमेशन अब अपनी दस्तक दे चुका है।