Page Loader
दिवाली से शुरू होंगी जियो की 5G सेवाएं, अंबानी बोले- सबसे एडवांस नेटवर्क होगा
जियो अगले दो महीने में मेट्रो शहरों में 5G सेवाएं शुरू कर देगा

दिवाली से शुरू होंगी जियो की 5G सेवाएं, अंबानी बोले- सबसे एडवांस नेटवर्क होगा

Aug 29, 2022
04:13 pm

क्या है खबर?

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड अगले दो महीने में दिवाली से जियो की 5G सेवाएं शुरू कर देगा। रिलायंस के मालिक और चेयरमैन मुकेश अंबानी ने आज 45वीं AGM बैठक में ये बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जियो की 5G सेवाएं सबसे पहले दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में शुरू की जाएंगी और फिर देशभर में इनका विस्तार किया जाएगा। अंबानी के अनुसार, देशभर में 5G सेवाएं के रोलआउट के लिए कंपनी दो लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

बयान

दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे एडवांस 5G नेटवर्क होगा जियो 5G- अंबानी

बैठक में अंबानी ने कहा कि जियो 5G दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे एडवांस 5G नेटवर्क होगा। उन्होंने कहा कि जियो 5G का लेटेस्ट वर्जन जारी करेगी जिसे स्टैंड-अलोन 5G कहा जाता है और इसकी जियो के 4G नेटवर्क पर जीरो निर्भरता होगी। अंबानी के अनुसार, जियो 5G के जरिए 10 करोड़ घरों को अद्वितीय डिजिटल अनुभव और स्मार्ट होम सॉल्यूशन से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि दिसंबर, 2023 तक देश के हर कस्बे में जियो 5G पहुंच जाएगा।

बयान

भारत को चीन और अमेरिका से पहले डाटा-संचालित अर्थव्यवस्था बनाना लक्ष्य- अंबानी

मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो 5G सेवाएं हर व्यक्ति, हर जगह और हर चीज को उच्चतम गुणवत्ता और किफायती कीमत पर कनेक्ट करेंगी। उन्होंने कहा, "हम भारत को चीन और अमेरिका से भी पहले डाटा-संचालित अर्थव्यवस्था बनाना चाहते हैं।" अंबानी ने कहा कि भारत की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ वह वैश्विक बाजार को डिजिटल सॉल्युशन प्रदान करने को लेकर भी आश्वस्त हैं। उन्होंने कंपनी की 5G सेवाओं को 'जियो ट्रू 5G' नाम दिया है।

एयर फाइबर

एयर फाइबर के जरिए प्रदान की जाएंगी जियो की 5G सेवाएं

कंपनी के अनुसार, जियो की 5G सेवाएं पारंपरिक तरीकों से अलग होंगी और इन्हें 'जियो एयर फाइबर' के जरिए प्रदान किया जाएगा। अभी ब्रॉडबैंड कनेक्शन लगवाने के लिए यूजर्स को केबल और तारों के झंझट में उलझना पड़ता है, लेकिन जियो एयर फाइबर के साथ यूजर्स को केवल एक डिवाइस अपने घर या ऑफिस में प्लग-इन करना होगा। दावा है कि यह मौजूदा सॉल्यूशंस के मुकाबले कहीं ज्यादा स्पीड देगा और वे HD कंटेंट स्ट्रीम कर पाएंगे या देख सकेंगे।

नीलामी

जियो ने नीलामी में खरीदे थे सबसे अधिक 5G स्पेक्ट्रम

बता दें कि इस महीने की शुरूआत में खत्म हुई 5G स्पेक्ट्रम नीलामी में रिलायंस जियो ने सबसे अधिक स्पेक्ट्रम खरीदे थे। जियो ने सबसे ज्यादा 88,078 करोड़ रुपये खर्च करते हुए 24,740MHz स्पेक्ट्रम खरीदे थे। उसने सभी 22 सर्कल्स में अगले 20 साल के लिए 700MHz, 800MHz, 1800MHz, 3300MHz और 26GHz बैंड्स खरीदे हैं। उसे इन पर हर साल 7,877 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे और ब्याज भी देना होगा।