जेनसेन हुआंग की कुर्सी पर खतरा? एनवीडिया का बोर्ड उन्हें हटाने पर कर रहा विचार
क्या है खबर?
एनवीडिया का निदेशक मंडल कंपनी के CEO और सह-संस्थापक जेनसेन हुआंग को पद से हटाने के विकल्प पर विचार कर रहा है। वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) की रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड गुरुवार को इस मामले पर बैठक करने की तैयारी में है। CBS न्यूज के एक पत्रकार ने भी एक्स पर पोस्ट कर बताया कि बोर्ड हुआंग के भविष्य पर चर्चा कर सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप प्रशासन को भी उन्हें हटाने की संभावित योजना की जानकारी है।
चर्चा
नए CEO की तलाश की भी चर्चा
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, एनवीडिया का बोर्ड हुआंग के संभावित उत्तराधिकारियों की पहचान करने के लिए एक बाहरी कंपनी की मदद ले रहा है।
स्थायी CEO मिलने तक अंतरिम प्रमुख नियुक्त करने पर भी विचार किया जा रहा है। ये चर्चाएं 63 वर्षीय हुआंग से जुड़े दो कथित विवाहेतर संबंधों की खबरें सामने आने के बाद शुरू हुई हैं।
इनमें से एक महिला के चीनी खुफिया सेवाओं से जुड़े होने का संदेह अमेरिकी अधिकारियों ने जताया था।
संबंध
किम्बर्ली पॉवेल के साथ कथित संबंध की खबर
न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में एनवीडिया की हेल्थकेयर उपाध्यक्ष किम्बर्ली पॉवेल के साथ हुआंग के कथित संबंध का खुलासा किया है।
पॉवेल सीधे हुआंग को रिपोर्ट करती हैं और 2008 से कंपनी में काम कर रही हैं। अखबार के मुताबिक, मार्च में सैन होजे में हुए एनवीडिया सम्मेलन के दौरान दोनों को एक होटल में करीब आते हुए देखा गया था।
इस खबर के बाद कंपनी की कार्यस्थल संबंधी नीतियों पर भी सवाल उठे हैं।
जांच
एलिस हुआंग के साथ रिश्ते की भी जांच
हुआंग का नाम इससे पहले सिंगापुर की डाटा कंपनी मेगास्पीड से जुड़ी कारोबारी एलिस हुआंग के साथ कथित संबंधों को लेकर भी सामने आया था।
अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को एलिस के चीनी खुफिया सेवाओं से जुड़े होने का संदेह था। मेगास्पीड एनवीडिया की बड़ी ग्राहक कंपनियों में शामिल है।
हुआंग ने रविवार को कर्मचारियों को लिखे पत्र में पत्नी से बेवफाई की बात स्वीकार की और उनका भरोसा तोड़ने के लिए माफी मांगी थी।
जांच
बोर्ड ने शुरू कराई मामले की जांच
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, हुआंग के पत्र के बाद एनवीडिया के बोर्ड ने वाचटेल, लिप्टन, रोसेन एंड काट्ज नाम की कानूनी फर्म से मामले की जांच शुरू कराई है।
बोर्ड दोनों कथित संबंधों और उनमें से एक में चीनी खुफिया सेवाओं से संभावित जुड़ाव के आरोपों को ध्यान में रखकर उनके पद पर बने रहने पर विचार कर रहा है।
हुआंग ने 1993 में एनवीडिया की स्थापना की थी और इसे AI चिप बनाने वाली प्रमुख कंपनी बनाया।