जेफरीज ने भारतीय IT सेक्टर की रेटिंग को किया अपग्रेड
वैश्विक निवेश बैंक जेफरीज ने भारत के IT सर्विस क्षेत्र की रेटिंग को 'अंडरवेट' से बढ़ाकर 'न्यूट्रल' कर दिया है। यह कदम तब उठाया गया है, जब IT सेक्टर को इस साल करीब 25 फीसदी का बड़ा झटका लगा है।
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इंफोसिस, HCL टेक और विप्रो जैसी बड़ी कंपनियों के शेयर अपनी पिछली ऊंचाइयों से 35 से 50 फीसदी तक नीचे आ गए हैं।
इंफोसिस को पोर्टफोलियो में किया शामिल
इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर बनी चिंताएं हैं, जिन्होंने बाजार में हलचल मचा रखी है।
हालांकि, जेफरीज का कहना है कि अगर, AI से जुड़ी ट्रेडिंग में थोड़ी नरमी आती है तो IT सेक्टर को कम समय के लिए फायदा मिल सकता है।
दिलचस्प बात यह है कि अब बड़ी IT कंपनियों के शेयर किसी भी बुरी खबर पर पहले जितनी तेजी से नहीं गिर रहे हैं।
यह एक संकेत हो सकता है कि बाजार ने शायद अपना निचला स्तर छू लिया है। बैंक ने अपने मॉडल पोर्टफोलियो में इंफोसिस को जगह दी है और कोफोरज में भी अपना हिस्सा बढ़ाया है। इसके लिए जेफरीज ने दूसरे सेक्टर्स से अपना कुछ निवेश कम किया है।
IT क्षेत्र में वापसी की उम्मीद
विदेशी निवेशकों का भरोसा अब बढ़ने लगा है और हाल के आर्थिक आंकड़े भी बेहतर दिख रहे हैं। इन सभी बातों से यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारतीय IT सेक्टर के लिए आगे अच्छे दिन आ सकते हैं।