2026 तक दुनिया के पहले ट्रिलेनियर बन सकते हैं जेफ बेजोस, मुकेश अंबानी होंगे पांचवें
क्या है खबर?
ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के संस्थापक और CEO जेफ बेजोस 2026 में दुनिया के पहले ट्रिलेनियर बन सकते हैं।
एक सलाहकार कंपनी कंपेयरिसन (Comparisun) की रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है।
56 वर्षीय बेजोस के पास अभी 143 बिलियन डॉलर यानी 14,3000 करोड़ रुपये की संपत्ति है और रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि 2026 तक, जब बेजोस की उम्र 62 साल होगी, वो दुनिया के पहले ट्रिलेनियर बन जाएंगे।
आइये, यह पूरी खबर जानते हैं।
अनुमान
जेफ के बाद चीनी कारोबारी सबसे पहले बनेंगे ट्रिलेनियर
पिछले पांच सालों में बेजोस की संपत्ति में 34 फीसदी की दर से बढ़ोतरी हुई है। इसी आधार पर उनके ट्रिलेनियर बनने का अनुमान लगाया गया है।
बेजोस के बाद इस रेस में चीन के रियल एस्टेट कारोबारी शु जियायिन और अलीबाबा के संस्थापक जैक मा का नाम सबसे आगे हैं। जियायिन साल 2027 तक दूसरे और जैक 2030 तक तीसरे ट्रिलेनियर बन सकते हैं।
वहीं भारतीय कारोबारी मुकेश अंबानी 2033 तक ट्रिलेनियर बन सकते हैं।
जानकारी
75 साल की उम्र में ट्रिलेनियर बनेंगे मुकेश अंबानी
रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत के सबसे अमीर व्यक्ति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी 75 साल की उम्र में ट्रिलेनियर बन सकते हैं। उस समय इतनी संपत्ति वाले वो दुनिया के पांचवे शख्स होंगे।
अनुमान
किस आधार पर लगाया गया अनुमान?
कंपेयरीसन ने यह रिपोर्ट न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टेड सबसे ज्यादा कीमत वाली कंपनियों और फोर्ब्स की लिस्ट में शामिल दुनिया के 25 सर्वाधिक अमीर लोगों की संपत्ति के आधार पर तैयार की है।
इन लोगों की संपत्तियों में पिछले पांच सालों में हुए इजाफे को आधार बनाकर उसी से भविष्य में होने वाली संपत्ति की बढो़तरी का अनुमान लगाया है।
2036 तक फेसबुक के संस्थापक मार्क जकरबर्ग भी सबसे युवा ट्रिलेनियर बन सकते हैं।
कारोबार
लॉकडाउन से हुआ अमेजन को फायदा
कोरोना वायरस के कारण कई देशों में इन दिनों लॉकडाउन जारी है।
इसके चलते दुकानें बंद हैं और लोग ई-कॉमर्स कंपनियों से खरीदारी कर रहे हैं। इसका फायदा अमेजन को मिला है।
इस साल की पहली तिमाही में अमेजन ने 75 बिलियन डॉलर की बिक्री की है, जो पिछले साल की पहली तिमाही से 15 बिलियन डॉलर ज्यादा है।
अभी भी कई जगहों पर लॉकडाउन खुलने के आसार नजर नहीं आ रहे, जिससे अमेजन को और फायदा होगा।
जानकारी
ट्विटर पर घिरे बेजोस
ट्रिलेनियर के अनुमान वाली लिस्ट आने के बाद बेजोस ट्विटर यूजर्स के निशाने पर आ गए। लोगों का कहना है कि कोरोना वायरस के कारण लोगों की नौकरियां और जानें जा रही हैं और बेजोस इस संकट को मुनाफे के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।