जेपी मॉर्गन प्रमुख का भारत की अर्थव्यवस्था अगले 10 साल में 3 गुना होने का अनुमान
जेपी मॉर्गन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेमी डिमोन ने कहा है कि अगले 10 सालों में भारत की अर्थव्यवस्था 3 गुना बढ़ सकती है।
उन्होंने बताया कि उनका बैंक अभी अपनी शोध गतिविधियों के जरिए देश की लगभग 200 कंपनियों पर नजर रखता है।
उनका अनुमान है कि अगले 10 सालों में यह संख्या 400 तक पहुंच जाएगी। इसके साथ ही वे भारत सरकार और यहां के कारोबारियों के साथ और ज्यादा करीब से काम करना चाहते हैं।
भारत में टीम 10 गुना बढ़ी
जेपी मॉर्गन में भारत की टीम 2005 में 6,000 लोगों की थी, जो अब बढ़कर 60,000 हो गई है। डिमोन ने कहा कि अमेरिका और भारत के बीच एक मजबूत व्यापार समझौता होने से व्यापार में स्थिरता आएगी।
खासकर ऐसे समय में जब महंगाई जैसे वैश्विक जोखिम बने हुए हैं, तब यह जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में निवेश से आगे चलकर उत्पादकता बढ़ेगी और महंगाई पर लगाम लगाने वाले प्रभाव पैदा होंगे।