जैक डॉर्सी की कंपनी ब्लॉक में फिर छंटनी की तैयारी, इन कर्मचारियों पर पड़ेगा असर
क्या है खबर?
जैक डॉर्सी की फिनटेक कंपनी ब्लॉक एक बार फिर बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है। बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के अनुसार, इस फैसले का असर कंपनी के कैश ऐप और स्क्वायर कारोबार में काम करने वाले कर्मचारियों पर पड़ने की आशंका है। साल 2026 में यह कंपनी की दूसरी बड़ी छंटनी होगी। बताया जा रहा है कि कंपनी ने इस फैसले की जानकारी कर्मचारियों को एक अंदरूनी ईमेल के जरिए दी है।
असर
इन विभागों के कर्मचारियों पर पड़ सकता है असर
रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के कस्टमर ऑपरेशंस, रिस्क ऑपरेशंस और लर्निंग एंड कंटेंट ऑपरेशंस विभागों में काम करने वाले कर्मचारियों की नौकरियां जा सकती हैं।
इस बदलाव के तहत कुछ पद खत्म किए जाएंगे और कई कर्मचारियों की जिम्मेदारियां दूसरे लोगों को सौंपी जा सकती हैं। इसके अलावा, अलग-अलग टीमों के कामकाज और अधिकारियों को रिपोर्ट करने के तरीके में भी बदलाव होगा।
अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया में कितने लोगों पर इसका असर पड़ेगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
आर्थिक पैकेज
प्रभावित कर्मचारियों को मिलेगा आर्थिक पैकेज
ब्लॉक ने अमेरिका में नौकरी गंवाने वाले कर्मचारियों के लिए आर्थिक मदद का इंतजाम किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें कम से कम 60 दिन का वेतन और सात हफ्ते की बेस सैलरी मिलेगी। इसके अलावा, कंपनी में काम करने के हर साल के बदले एक हफ्ते की अतिरिक्त सैलरी दी जाएगी।
समझौते पर हस्ताक्षर करने वाले कर्मचारियों को 30 दिन का अतिरिक्त भुगतान भी मिलेगा। इसके साथ ही, उन्हें ट्रांजिशन सहायता के लिए 5,000 डॉलर दिए जाएंगे।
छंटनी
पहले भी 4,000 कर्मचारियों की गई थी नौकरी
ब्लॉक ने इसी साल फरवरी में करीब 10,000 कर्मचारियों में से लगभग 4,000 को नौकरी से निकाल दिया था।
उस समय डॉर्सी ने इसके पीछे AI तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल और छोटी टीमों के साथ काम करने की योजना को वजह बताया था। कंपनी ने उस बदलाव से सालाना 80 से 90 करोड़ डॉलर की बचत का अनुमान लगाया था।
यह फैसला ऐसे समय आया है, जब तकनीकी क्षेत्र में कई कंपनियां लगातार कर्मचारियों की संख्या घटा रही हैं।