निवेशकों ने एक दिन में कमाए 12 लाख करोड़ रुपये, सेंसेक्स में 2,000 अंकों की उछाल
क्या है खबर?
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से मंगलवार (3 फरवरी) को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। सेंसेक्स 2,072.67 अंक या 2.54 फीसदी बढ़कर 83,739.13 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 का सूचकांक 639.15 अंक या 2.55 फीसदी बढ़कर 25,727.55 पर बंद हुआ। BSE में सूचीबद्ध कंपनियों का संयुक्त पूंजीकरण पिछले सत्र के 455 लाख करोड़ से बढ़कर 467.35 लाख करोड़ रुपये हो गया। एक ही दिन में 12.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का लाभ हुआ।
बढ़त
बढ़त के साथ हुई थी शुरुआत
सोमवार रात को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का असर दूसरे दिन बाजार खुलते ही नजर आया और विभिन्न क्षेत्रों में निवेशकों की भागीदारी बढ़ी है। BSE सेंसेक्स सत्र के दौरान 5.1 फीसदी उछलकर 85,871.73 के शिखर पर पहुंच गया। सभी क्षेत्रों में खरीदारी तेज होने से निफ्टी 50 में 1,252 अंकों की बढ़त या 5 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई और यह 26,341.2 पर पहुंच गया। निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में भी बढ़त देखी गई।
फायदा
इन कंपनियों को हुआ था फायदा
बाजार का रुख सकारात्मक बना रहा और सेंसेक्स के 30 घटकों में से 27 शेयरों में तेजी देखी गई। इनमें अडाणी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, एटर्नल, बजाज फिनसर्व, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंफोसिस, टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, L&T, इंडिगो, सन फार्मा, ट्रेंट, HCL टेक और मारुति सुजुकी शामिल हैं। इन कंपनियों के शेयरों में 3 से 7 प्रतिशत तक की तेजी आई है। निफ्टी ऑटो, IT, मेटल, बैंक, PSU बैंक और फार्मा सूचकांकों में 3 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई।