दूध कारोबार को बढ़ाने के लिए इनोटेरा ला रही 105 करोड़ रुपये का IPO
स्विस एग्रीटेक कंपनी इनोटेरा AG की भारतीय सहायक कंपनी इनोटेरा लिमिटेड ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के जरिए फंड जुटाने के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास शुरुआती कागजात जमा किए हैं।
इसके तहत 105 करोड़ रुपये तक की पूंजी जुटाई जाएगी। इस IPO में मौजूदा निवेशक मिल्कलेन होल्डिंग PTE लिमिटेड और माहीको प्राइवेट लिमिटेड भी अपने कुछ शेयर बेचेंगे।
दूध संग्रह नेटवर्क के विस्तार की योजना
जुटाए गए पैसों से कंपनी अपने तकनीक-आधारित दूध संग्रह नेटवर्क का विस्तार करेगी। इस धन का इस्तेमाल कूलिंग यूनिटों को अपग्रेड करने, रोजाना के संचालन खर्चों को पूरा करने और भविष्य में किसी अन्य व्यवसाय का अधिग्रहण करने के लिए भी किया जा सकता है। इनोटेरा भारत का एक प्रमुख B2B दूध खरीद प्लेटफॉर्म है, जो सीधे किसानों को बड़े खरीदारों से जोड़ता है।
इसके अलावा, कंपनी पशु पोषण उत्पादों के कारोबार में भी है और ताजे फल, सब्जियां और रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों की आपूर्ति भी करती है।