इंफोसिस में अगले साल अप्रैल से CEO का पद संभालेंगे आशीष डैश
इंफोसिस ने हाल ही में आशीष कुमार डैश को 1 अप्रैल, 2027 से कंपनी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक नियुक्त करने की घोषणा की है।
डैश पिछले 30 सालों से कंपनी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कंपनी में कार्यकारी उपाध्यक्ष के तौर पर कई अहम व्यावसायिक क्षेत्रों की कमान संभाली है।
वे सलील पारेख की जगह लेंगे। पारेख का कार्यकाल करीब एक दशक तक रहा है। वे 8 महीने और कंपनी के साथ बने रहेंगे, ताकि यह जिम्मेदारी आसानी से सौंपी जा सके।
डैश के सामने AI राजस्व बढ़ाने की चुनौती
डैश की नियुक्ति इंफोसिस की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित विकास की दिशा में एक अहम कदम है। पारेख के नेतृत्व में कंपनी ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया, गवर्नेंस को बेहतर किया और सालाना राजस्व 20 अरब डॉलर (करीब 1,900 अरब रुपये) से ज्यादा पहुंचाया।
अब डैश के सामने यह चुनौती है कि वे कंपनी की AI पहलों को टिकाऊ बिजनेस मॉडल में बदलें।