इंडिगो ने 400 रुपये तक की छूट के साथ पेश किया नया किराया प्लान
हवाई सफर को और किफायती बनाने की कोशिश में इंडिगो ने अपना 'लाइट' फेयर लॉन्च किया है। इससे अगर, आप केवल केबिन बैगेज (7 किलोग्राम तक) के साथ यात्रा करते हैं तो आपको घरेलू टिकट पर 300 से 400 रुपये तक की छूट मिल सकती है।
एयर इंडिया ने भी पहले ही अपने 'बेसिक' किराए की घोषणा की थी। इसमें आपको 300 से 700 रुपये तक की छूट मिलती है। इस किराए में भले ही मुफ्त खाने की सुविधा न मिले, लेकिन 15 किलोग्राम का चेक्ड बैगेज और मुफ्त चाय-कॉफी की सुविधा अब भी शामिल है।
अब बुकिंग के बाद भी जाेड़ सकते हैं एड-ऑन
अब दोनों ही एयरलाइंस ने यात्रियों को बुकिंग के बाद भी अपनी जरूरत के हिसाब से खाना या अतिरिक्त सामान जोड़ने का विकल्प दिया है।
इसका मतलब है कि आपको केवल उन्हीं सुविधाओं के लिए पैसे देने होंगे, जिनकी आपको वास्तव में जरूरत है।
इंडिगो के मुख्य रणनीति अधिकारी आलोक सिंह ने बताया कि नया किराया यात्रियों की बदलती जरूरतों को देखते हुए शुरू किए गए हैं। उनका कहना है कि इनसे यात्रा को किफायती बनाने और यात्रियों को अधिक लचीलापन देने के बीच एक बेहतर तालमेल बिठाने की कोशिश की गई है।