LOADING...
इंडिगो ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर ईंधन शुल्क बढ़ाया, 2 अप्रैल से होगा लागू
इंडिगो ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर ईंधन शुल्क बढ़ाया

इंडिगो ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर ईंधन शुल्क बढ़ाया, 2 अप्रैल से होगा लागू

लेखन गजेंद्र
Apr 01, 2026
08:28 pm

क्या है खबर?

पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण हो रहे ईंधन संकट का असर बढ़ रहा है। इंडिगो एयरलाइंस ने बुधवार को बताया कि उसने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर ईंधन शुल्क में संशोधन किया है। एयरलाइंस ने बताया कि विमानन टरबाइन ईंधन (ATF) की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के कारण ईंधन शुल्क बढ़ाना पड़ रहा है, जिसे 2 अप्रैल गुरुवार से लागू किया जाएगा। फिलहाल, संशोधित शुल्क 2 अप्रैल से की जाने वाली सभी नई बुकिंग पर लागू होगा।

किराया

यात्रियों पर कितना पड़ेगा भार?

इंडिगो ने बताया कि सरकार ने घरेलू उड़ानों के लिए ATF की कीमतों में केवल आंशिक और चरणबद्ध तरीके से 25 प्रतिशत बढ़ोतरी की अनुमति दी है। एयरलाइन के मुताबिक, अब 500 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए प्रति सेक्टर 275 रुपये, जबकि 2,000 किलोमीटर से अधिक की यात्रा के लिए 950 रुपये लिए जाएंगे। दूरी के आधार पर 501-1,000 किलोमीटर के लिए 400 रुपये, 1,001-1,500 किलोमीटर के लिए 600 रुपये और 1,501-2,000 किलोमीटर के लिए 800 रुपये लिए जाएंगे।

कीमत

कितना बढ़ गया विमान ईंधन की कीमत?

संशोधित ईंधन शुल्क क्षेत्र और दूरी के अनुसार अलग-अलग होंगे, जो भारतीय उपमहाद्वीप में छोटी दूरी के मार्गों के लिए 900 रुपये होगा। अफ्रीका, ब्रिटेन और यूरोप समेत अन्य देशों की उड़ानों के लिए 5,000 रुपये से 10,000 रुपये का शुल्क देना होगा। सरकारी तेल कंपनियों के अनुसार, घरेलू विमानों के लिए ATF की कीमत में 8,289.04 रुपये प्रति किलोलीटर की वृद्धि हुई है, जिससे यह पिछले महीने के 96,638.14 रुपये प्रति किलोलीटर से बढ़कर 1,04,927.18 रुपये हो गया है।

Advertisement