जून में 1.95 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड GST संग्रह, जानिए बढ़त की वजह
जून में भारत का वस्तु एवं सेवा कर (GST) राजस्व 1.95 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 14 फीसदी ज्यादा है।
इस शानदार बढ़ोतरी की मुख्य वजह आयात में हुई वृद्धि है। आयात पर वसूला गया GST 34.6 फीसदी बढ़कर 60,038 करोड़ रुपये हो गया। यह घरेलू कारोबार से मिलने वाले GST (6.5 फीसदी बढ़ा) की तुलना में कहीं अधिक तेज बढ़ोतरी है।
GST संग्रह में उत्तर प्रदेश सबसे आगे
सरकार ने 32,436 करोड़ रुपये के रिफंड जारी किए, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 30 फीसदी अधिक हैं। इन रिफंड को घटाने के बाद शुद्ध GST राजस्व लगभग 1.62 लाख करोड़ रुपये रहा, जिसमें कुल 11.2 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।
राज्यों के प्रदर्शन की बात करें तो घरेलू GST कलेक्शन में उत्तर प्रदेश 19 फीसदी की मजबूत बढ़त के साथ सबसे आगे रहा। असम में 17 फीसदी और पंजाब में 14 फीसदी की अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली, वहीं तमिलनाडु में संग्रह 2 फीसदी कम हुआ, जबकि राजस्थान और मध्य प्रदेश दोनों में 5 फीसदी की गिरावट आई है।