इंडियन ऑयल ने पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाहों पर लगाया विराम
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) ने पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाहों पर विराम लगाते हुए लोगों को आश्वस्त किया है कि उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। पेट्रोलियम कंपनी का कहना है कि पूरे देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है। यह बात भी स्वीकार की है कि कुछ स्थानीय पंपों पर जरूर अस्थायी तौर पर आपूर्ति में कुछ दिक्कतें आई थीं। इसकी मुख्य वजह यह है कि फसल कटाई के सीजन में ईंधन की मांग अचानक बहुत बढ़ गई है। साथ ही लोग निजी पेट्रोल पंप की बजाय सरकारी पंपों से ईंधन लेना पसंद कर रहे हैं।
पेट्रोल की 14 और डीजल की 18 फीसदी बिक्री बढ़ी
पिछले साल के मुकाबले इस साल 1 से 22 मई के बीच पेट्रोल की बिक्री 14 फीसदी और डीजल की 18 फीसदी बढ़ी है। इससे साफ पता चलता है कि लोग पहले के मुकाबले अब ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं। IOC का कहना है कि 42,000 से ज्यादा पंप का उनका विशाल नेटवर्क इस बढ़ी हुई मांग को अच्छी तरह से संभाल रहा है। इस स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए पेट्रोलियम कंपनी लोगों को भरोसा दिला रही है कि सबके लिए पर्याप्त ईंधन मौजूद है। ऐसे में बेवजह घबराकर जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदने की कोई जरूरत नहीं है।