भारतीय स्टार्टअप्स ने एक सप्ताह में जुटाए 30 करोड़ डॉलर से ज्यादा
31 अगस्त से 5 सितंबर के बीच भारतीय स्टार्टअप्स ने कुल 30.37 करोड़ डॉलर (करीब 2,850 करोड़ रुपये) की फंडिंग जुटाई है। यह आंकड़ा पिछले सप्ताह के मुकाबले 39 फीसदी ज्यादा है, जो एक अच्छी बढ़ोतरी दिखाता है।
इस दौरान 25 भारतीय स्टार्टअप्स को पैसा मिला। यह फंडिंग ग्रोथ-स्टेज और शुरुआती दौर (अर्ली-स्टेज) दोनों तरह के स्टार्टअप्स को मिली, जिसमें 5 बड़े ग्रोथ सौदों और कई नए विचारों को भी समर्थन मिला।
ग्रोथ-स्टेज स्टार्टअप्स फंडिंग में सबसे आगे
इस सप्ताह ग्रोथ-स्टेज स्टार्टअप्स ने सबसे ज्यादा फंडिंग हासिल की और कुल 20.19 करोड़ डॉलर (करीब 1,900 करोड़ रुपये) इन्हीं को मिले। डिजिटल बैंकिंग प्लेटफॉर्म स्लाइस ने सबसे बड़ी बाजी मारी, जिसने अकेले 10 करोड़ डॉलर (करीब 950 करोड़) जुटाए और उसका मूल्यांकन अब 45 करोड़ डॉलर (करीब 4,250 करोड़ रुपये) हो गई है।
इसके बाद अल्ट्राह्यूमन का नंबर आता है, जिसे क्वालकॉम वेंचर्स से 7 करोड़ डॉलर (करीब 650 करोड़ रुपये) मिले, वहीं, शुगर कॉस्मेटिक्स' ने 144.5 करोड़ रुपये की फंडिंग जुटाई।
शुरुआती दौर के स्टार्टअप्स की बात करें तो युमा एनर्जी ने 3.5 करोड़ डॉलर (करीब 330 करोड़ रुपये) और क्रेडलवाइज ने 1.2 करोड़ डॉलर (करीब 115 करोड़ रुपये) की फंडिंग हासिल की।
इस दौरान बेंगलुरु में सबसे ज्यादा (14) सौदे हुईं। इस सप्ताह डीप टेक सेक्टर सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। स्टार्टअप जगत में कुछ और भी हलचल देखने को मिली।