भारत में पेट्रोल की कीमतें 50 महीनें के उच्चतम स्तर पर पहुंची
भारत में पेट्रोल मूल्य बेंचमार्क 4 साल से भी ज्यादा समय के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। सितंबर में एक बैरल पेट्रोल की कीमत 133.05 डॉलर (करीब 12,500 रुपये) रही, जो पिछले महीने के मुकाबले 20 फीसदी ज्यादा है।
डीजल मूल्य बेंचमार्क भी 167.08 डॉलर (करीब 15,500 रुपये) प्रति बैरल के साथ 4 महीने के अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच चुका है।
कीमतों के इस बड़े उछाल से सरकारी तेल कंपनियों की जेब पर बहुत भारी बोझ पड़ रहा है। उन्हें अभी हर लीटर पेट्रोल पर 5 रुपये और डीजल पर 20 रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इस कारण उछली ईंधन की कीमतें
ईंधन की कीमतों में इस भारी बढ़ोतरी के पीछे कई वैश्विक कारण बताए जा रहे हैं। इसमें दुनियाभर में फैला भू-राजनीतिक तनाव, भारत और चीन पर रूसी तेल की खरीद कम करने का बढ़ता दबाव, सऊदी अरब तेल ठिकानों पर हुए हमले और होर्मुज जलडमरूमध्य में पैदा हुई समस्याएं शामिल हैं।
जानकारों का कहना है कि अगर, दुनियाभर में इस तरह का तनाव बना रहता है तो पेट्रोल-डीजल की कीमतें और भी ऊपर जा सकती हैं। ऐसे में ईंधन का लगातार बढ़ता खर्च आम जनता के लिए एक बड़ी परेशानी बना रहेगा।