भारतीय ड्रोन स्टार्टअप एयरबाउंड ने करीब 350 करोड़ रुपये जुटाए
भारतीय स्टार्टअप एयरबाउंड ने अपने ड्रोन डिलीवरी के कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए हाल ही में 3.7 करोड़ डॉलर (करीब 350 करोड़ रुपये) का निवेश जुटाया है।
इस निवेश में ग्रीनओक्स, डोरडैश और लाइट्सपीड जैसे बड़े नामी निवेशकों ने भी पैसा लगाया है। कंपनी ने 2023 में अपनी शुरुआत से अब तक कुल मिलाकर करीब 5 करोड़ डॉलर (करीब 475 करोड़ रुपये) का निवेश हासिल कर लिया है।
3 शहरों में नेटवर्क शुरू करने की योजना
कंपनी के हल्के ड्रोन तेजी से और कम लागत में हवाई डिलीवरी करने के लिए डिजाइन किए गए हैं। इनके जरिए पार्सल और मेडिकल सैंपल जैसी चीजें पहुंचाई जाएंगी।
फिलहाल, इसके मौजूदा मॉडल में एक किलोग्राम तक का वजन ले जाया जा सकता है, जबकि इसका एक बड़ा वर्जन भी जल्द ही लॉन्च होगा।
कंपनी ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ साझेदारी कर 3 शहरों में ड्रोन डिलीवरी नेटवर्क शुरू करने का फैसला किया है। इस नेटवर्क का लक्ष्य स्वास्थ्य सेवा और ई-कॉमर्स जैसे क्षेत्रों में रोजाना 10,000 उड़ानें पूरी करना है।
कंपनी अब तक 13,000 से भी ज्यादा ऑटोमैटिक उड़ानें सफलतापूर्वक पूरी कर चुकी है। हालांकि, बड़े पैमाने पर अपने ऑपरेशंस को शुरू करने के लिए अभी भी उन्हें सरकारी अनुमतियों का इंतजार है।