भारत के AI स्टार्टअप्स को मिल रही करोड़ों रुपये की फंडिंग
भारत के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पैसा लगाया जा रहा है। केमिकल रिसर्च, डेवलपमेंट और उत्पादन में AI का इस्तेमाल करने वाली एमस्टैक AI कम से कम 3 करोड़ डॉलर (करीब 250 करोड़ रुपये) की फंडिंग जुटाने के लिए बातचीत के अंतिम दौर में है।
यह फंडिंग बढ़कर 4-5 करोड़ डॉलर (करीब 350-450 करोड़ रुपये) तक भी पहुंच सकती है। इस सौदे से पहले कंपनी का मूल्यांकन करीब 23 करोड़ डॉलर (करीब 2,100 करोड़ रुपये) आंका गया है। दूसरी तरफ, जनरेटिव AI टेक्नोलॉजी पर काम करने वाली कंपनी सिंपलीस-स्मार्ट भी 5 करोड़ डॉलर (करीब 450 करोड़ रुपये) के फंडिंग राउंड के लिए बातचीत कर रही है।
फंडिंग में जुड़ सकते हैं और भी निवेशक
एमस्टैक की इस नई फंडिंग में मौजूदा निवेशक अल्फा वेव और लाइट्सपीड़ के भी शामिल होने की उम्मीद है। प्रोस्पेरिटी 7 वेंचर्स जैसा नया निवेशक भी इसमें जुड़ सकता है।
इस सौदे के बाद एमस्टैक का मूल्यांकन 26-28 करोड़ डॉलर (2,400-2,600 करोड़ रुपये) तक पहुंच सकता है। सिंपलीस-स्मार्ट के लिए पीक XV पार्टनर्स नए निवेशक के रूप में शामिल होने पर बातचीत कर रहे हैं, जो लगभग 3 करोड़ डॉलर का निवेश करेंगे।
एनवीडिया भी इस फंडिंग राउंड में शामिल होने पर विचार कर रही है, जबकि मौजूदा निवेशकों जैसे एक्सल से शेष पूंजी मिलने की उम्मीद है।
ये डील्स भारतीय AI स्टार्टअप्स में आ रहे बड़े निवेश की लहर का हिस्सा हैं। यह साफ दिखाता है कि इस समय भारत का टेक सेक्टर कितनी तेजी से आगे बढ़ रहा है।