ह्यूस्टन में भारत के निवेशकों की पहली पसंद बनने की हुई तारीफ
ह्यूस्टन में हुए 'इंडिया स्पॉटलाइट' गोलमेज सम्मेलन में भारत की जमकर तारीफ हुई। इस कार्यक्रम में बताया गया कि भारत एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCCs) के लिए एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है।
ह्यूस्टन में भारत के कॉन्सुल जनरल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में व्यापार, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भारत-अमेरिका के रिश्तों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही, यह भी साफ किया गया कि क्यों दुनियाभर के निवेशक भारत की ओर खिंचे चले आ रहे हैं।
हर साल 100 से ज्यादा नए GCCs खुल रहे
उद्योग विशेषज्ञों के मुताबिक, भारत की कुशल जनशक्ति, कम खर्च और मजबूत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर दुनियाभर की बड़ी कंपनियों को अपनी ओर खींच रहे हैं।
बता दें कि हर साल 100 से ज्यादा नए GCCs यहां खुल रहे हैं, जो तकनीक, हेल्थकेयर, फाइनेंस और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
सरकार की अनुकूल नीतियां और प्रोत्साहन भी भारत को शोध और व्यापार परिचालन में अग्रणी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।