भारत-ब्रिटेन में 15 जुलाई से लागू FTA, जानिए क्या-क्या मिलेंगे फायदे
भारत और ब्रिटेन के बीच 15 जुलाई से मुक्त व्यापार समझौता (FTA) लागू होने वाला है। इसके लागू होते ही, अब ब्रिटेन जाने वाले भारतीय सामानों पर कोई आयात ड्यूटी नहीं लगेगी। इससे दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्ट बताती है कि इस समझौते से हर साल भारत के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में 5.1 अरब पाउंड (करीब 650 अरब रुपये) और ब्रिटेन की GDP में 4.8 अरब पाउंड (करीब 610 अरब रुपये) की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि यह समझौता सिर्फ व्यापार तक ही सीमित नहीं रहेगा। ब्रिटेन में काम करने वाले भारतीय पेशेवरों को भी नए सोशल सिक्योरिटी सुधारों का फायदा मिलेगा।
डेयरी और अनाज जैसे क्षेत्रों को मिलेगी सुरक्षा
एक तरफ जहां FTA से निर्यात पर टैरिफ कम हो जाएंगे, वहीं दूसरी तरफ, डेयरी और अनाज जैसे संवेदनशील घरेलू क्षेत्रों को पूरी सुरक्षा भी मिलेगी। इसका मकसद यह है कि देश के अंदर के उद्योगों को कोई नुकसान न पहुंचे।
अस्थायी तौर पर ब्रिटेन में काम करने वाले भारतीय पेशेवरों को अपने वेतन का 25 फीसदी हिस्सा वापस मिलेगा। 'डबल कॉन्ट्रिब्यूशन कन्वेंशन एग्रीमेंट' के भारत-ब्रिटेन FTA के साथ तालमेल बिठाने की वजह से ऐसा हो रहा है और यह नियम 15 जुलाई से प्रभावी होगा। कामगारों का सामाजिक सुरक्षा सहयोग सीधे उनके भारत में बने भविष्य निधि (PF) अकाउंट में जमा हो जाएगा। इससे उन्हें टैक्स-फ्री ब्याज मिलेगा और उनकी लंबी अवधि की वित्तीय सुरक्षा भी मजबूत होगी।