भारत ने बराक मिसाइल सिस्टम अपग्रेड के लिए इजरायल एयरोस्पेस से किया अनुबंध, जानिए इसका फायदा
क्या है खबर?
रक्षा मंत्रालय (MoD) ने बुधवार (18 नवंबर) को इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (IAI) के साथ 1,976 करोड़ रुपये का एक अनुबंध किया। यह अनुबंध भारतीय नौसेना के जहाजों पर तैनात 'बराक पॉइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम' के अपग्रेडेशन और पुराने हो रहे पुर्जों के प्रबंधन के लिए है। इस अपग्रेड में सिस्टम के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर में व्यापक बदलाव किए जाएंगे, ताकि नौसेना के प्लेटफॉर्म्स को लंबी दूरी तक मार करने वाली शक्तिशाली एयर डिफेंस क्षमता प्रदान की जा सके।
सिस्टम
क्या है यह सुरक्षा सिस्टम?
बराक पॉइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम एक नौसैनिक वायु रक्षा प्रणाली है, जिसे युद्धपोतों को हवाई खतरों से बचाने के लिए डिजाइन किया गया है।
इसे भारतीय नौसेना के जहाजों पर तैनात किया गया है और यह आने वाले खतरों के खिलाफ एक सुरक्षा कवच प्रदान करता है।
सितंबर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाली रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) ने भारतीय सेना, वायु सेना और नौसेना के लिए 1.1 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं को प्रशासनिक मंजूरी दी थी।
मंजूरी
हेलीकॉप्टर खरीद को भी मिली मंजूरी
परिषद ने हेलीकॉप्टर, रडार, वाहनों और टर्बाइन समेत अन्य उपकरणों के प्रस्तावों को मंजूरी दी। साथ ही स्वदेशी खरीद पर जोर दिया।
DAC ने कहा कि एक्सेप्टेंस ऑफ नेसेसिटी (AoN) के तहत मंजूर किए गए प्रस्तावों में से 98 फीसदी की आपूर्ति भारतीय उद्योगों से की जाएगी।
जिन परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, उनमें हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा निर्मित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर्स (ALH) की खरीद भी शामिल है, जिनका इस्तेमाल भारतीय सेना और भारतीय वायु सेना करते हैं।