LOADING...
भारत की कुल संपत्ति का 59 प्रतिशत हिस्सा केवल 1 प्रतिशत अमीरों के पास- रिपोर्ट
भारत की कुल संपत्ति का 59 प्रतिशत हिस्सा केवल 1 प्रतिशत अमीरों के पास (तस्वीर: पिक्साबे)

भारत की कुल संपत्ति का 59 प्रतिशत हिस्सा केवल 1 प्रतिशत अमीरों के पास- रिपोर्ट

Aug 04, 2025
06:33 pm

क्या है खबर?

भारत में सबसे अमीर लोगों की कुल संपत्ति का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा सोना और रियल एस्टेट जैसे पारंपरिक साधनों में लगा हुआ है। बर्नस्टीन की नई रिपोर्ट के मुताबिक, इन अमीरों को 'उबर रिच' कहा गया है, जिनमें अल्ट्रा हाई नेट वर्थ (UHNI), हाई नेट वर्थ (HNI) और संपन्न वर्ग के अत्यंत प्रभावशाली लोग शामिल हैं। ये लोग देश की केवल 1 प्रतिशत आबादी हैं, लेकिन अधिकांश संपत्ति पर इनका ही मजबूत कब्जा है।

 संपत्ति 

देश की कुल संपत्ति का 59 प्रतिशत केवल अमीरों के पास

भारत की कुल घरेलू संपत्ति 19.6 लाख करोड़ डॉलर (लगभग 17 लाख अरब रुपये) आंकी गई है, जिसमें से लगभग 11.6 लाख करोड़ डॉलर (लगभग 10 लाख अरब रुपये) उबर रिच के पास है। रिपोर्ट बताती है कि केवल 2.7 लाख करोड़ डॉलर (लगभग 2.35 लाख अरब रुपये) ही म्यूचुअल फंड, बीमा, इक्विटी और बैंक जमाओं जैसी सेवाओं में लगा हुआ है। ये ऐसी संपत्तियां हैं जिनका प्रबंधन किया जा सकता है, जबकि बाकी संपत्ति सोना और जमीन में है।

अन्य संपत्तियां

इतनी हैं गैर-सेवा योग्य संपत्तियां

रिपोर्ट में कहा गया है कि लगभग 8.9 लाख करोड़ डॉलर (लगभग 7.80 लाख अरब रुपये) की संपत्ति ऐसी है, जो वित्तीय सेवा क्षेत्र के लिए उपयुक्त नहीं है। इसमें प्रमोटर इक्विटी, नकद, अचल संपत्ति और सोना शामिल हैं। ऐसे में धन प्रबंधकों और निवेश सलाहकारों के लिए भारत में बड़ा अवसर मौजूद है। इस वर्ग के कई लोग अब पारंपरिक निवेशों से हटकर नए विकल्प तलाश रहे हैं।

 प्रबंधन 

भारत में अब भी धन प्रबंधन की पहुंच सीमित 

रिपोर्ट इस बात को भी स्पष्ट रूप से उजागर करती है कि भारत के सबसे अमीर लोगों तक भी औपचारिक धन प्रबंधन सेवाएं पूरी तरह नहीं पहुंची हैं। देश में अधिकतर वित्तीय संपत्ति लोग बिना किसी विशेषज्ञ की उचित सलाह या योजना के ही रख लेते हैं। यह भारत में गहरी आर्थिक असमानता को भी दर्शाता है, जहां ऊपरी 1 प्रतिशत लोगों के पास देश की कुल 40 प्रतिशत आय और संसाधनों का प्रभावशाली नियंत्रण है।

परिवार

भारत में हैं 35 हजार से ज्यादा अति-धनवान परिवार

बर्नस्टीन के आंकड़ों के अनुसार, भारत में करीब 35,000 परिवार ऐसे हैं, जिनकी संपत्ति 1.2 करोड़ डॉलर (लगभग 105 करोड़ रुपये) से ज्यादा है। इन परिवारों के पास औसतन 5.4 करोड़ डॉलर (लगभग 470 करोड़ रुपये) की संपत्ति है। इसमें से 2.4 करोड़ डॉलर (लगभग 210 करोड़ रुपये) की संपत्ति केवल वित्तीय निवेश में लगी हुई है। अकेले इन परिवारों के पास ही देश की 70 प्रतिशत वित्तीय संपत्तियां हैं।