अक्टूबर में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों से 34,843 करोड़ रुपये निकाले
अक्टूबर में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने भारतीय शेयर बाजार से 34,843 करोड़ रुपये निकाल लिए हैं। क्रूड ऑयल की बढ़ती कीमतें, वैश्विक ब्याज दरें और कंपनियों के मुनाफे को लेकर चिंताएं इस निकासी की मुख्य वजह रहीं।
हालांकि, महीने के आखिर में स्थिति कुछ बदली। 26 से 30 अक्टूबर के बीच FPI ने फिर से बाजार में 6,300 करोड़ रुपये का निवेश किया।
अब तक 2.95 लाख करोड़ रुपये की निकासी
यह बड़ी निकासी सितंबर में हुई एक और भारी निकासी (35,861 करोड़ रुपये) के बाद आई है। इससे पहले जुलाई और अगस्त में भारतीय बाजारों में FPI का अच्छा निवेश देखा गया था, लेकिन अब तस्वीर बिल्कुल बदल गई है।
कुल मिलाकर इस साल विदेशी निवेशक भारतीय बाजारों से अब तक 2.95 लाख करोड़ रुपये निकाल चुके हैं। अच्छी बात यह रही कि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने इस उतार-चढ़ाव भरे माहौल में बाजार को संभालने में मदद की।
इन सभी अनिश्चितताओं के बावजूद FPI ने फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर के शेयरों में अपनी रुचि बनाए रखी।