विदेशी निवेशकों ने पिछले सप्ताह भारतीय शेयरों में 15,157 करोड़ रुपये का किया निवेश
जुलाई के शुरुआती दिनों में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) ने भारतीय शेयरों में 15,157 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया है।
लगातार 4 महीनों तक बाजार से पैसे की निकासी के बाद अब जाकर यह सिलसिला थमा है।
इस साल की शुरुआत में तो बाजार से काफी पैसा निकला था। अकेले मार्च में ही 1.17 लाख करोड़ रुपये की निकासी हुई थी।
रुपये की स्थिरता का हुआ फायदा
यह वापसी भारत की बेहतर होती अर्थव्यवस्था और स्थिर रुपये की वजह से हुई है। मॉर्निंगस्टार इन्वेस्टमेंट रिसर्च इंडिया में अनुसंधान के प्रधान प्रबंधक हिमांशु श्रीवास्तव का कहना है कि अब जब भारतीय शेयरों की कीमतों में थोड़ी नरमी आई है तो दुनियाभर के निवेशक अच्छी भारतीय कंपनियों पर ध्यान दे रहे हैं।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने भी कहा कि मजबूत बुनियादी कारक और कर्ज पर टैक्स से जुड़े हालिया बदलाव भारत को और भी आकर्षक बना रहे हैं, यही वजह है कि दक्षिण कोरिया जैसे देशों से भी निवेश भारत की तरफ खिंच रहा है।