ऑस्ट्रेलिया में महंगाई घटकर 4 फीसदी हुई, जानिए क्या है वजह
मई में ऑस्ट्रेलिया की महंगाई (मुद्रास्फीति) दर कम होकर 4 फीसदी पर आ गया। यह अप्रैल के मुकाबले थोड़ी कम है। इसकी मुख्य वजह ईंधन की कीमतों में करीब 12 फीसदी की गिरावट रही।
इन आधिकारिक आंकड़ों ने अर्थशास्त्रियों को हैरान कर दिया क्योंकि उन्हें महंगाई बढ़ने की उम्मीद थी। हालांकि, रिजर्व बैंक के पसंदीदा 'कोर' माप में इजाफा हुआ और यह 3.4 फीसदी से बढ़कर 3.6 फीसदी हो गया। इससे साफ है कि कीमतों पर अंदरूनी दबाव अभी भी बना हुआ है।
घर बनाना और खाने-पीने की चीजें महंगी
सस्ते ईंधन के बावजूद बाकी जरूरी चीजें महंगी हो रही हैं। पिछले महीने घर बनाने के खर्च में करीब 1 फीसदी का उछाल आया, जो 2022 के आखिर के बाद से सबसे तेज रफ्तार है।
इसके साथ ही खाने-पीने की चीजों की कीमतों में भी तेजी आई है।
ब्याज दरों पर अर्थशास्त्रियों की राय बंटी
अर्थशास्त्रियों के बीच इस बात पर सहमति नहीं है कि इस साल ब्याज दरें बढ़ेंगी या घटेंगी। कुछ लोगों का मानना है कि रिजर्व बैंक अगस्त तक ब्याज दरें बढ़ा सकता है, जबकि कुछ का कहना है कि अगर, अर्थव्यवस्था और धीमी हुई तो अगले साल ब्याज दरों में कटौती हो सकती है।